इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए उज्जैन में अभियान: NSUI-युवा कांग्रेस को जिम्मेदारी; 10 हजार छात्रों का टारगेट

उज्जैन। इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उज्जैन कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे क्षीरसागर चौराहा स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर और ग्रामीण कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी और व्यवस्थाओं को लेकर रणनीति बनाई गई।
हर विधानसभा से 10 हजार छात्रों को जोड़ने का लक्ष्य
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष और तराना विधायक महेश परमार ने बैठक में अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा से 10 हजार विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेज, कोचिंग सेंटर और पुस्तकालयों तक पहुंचकर छात्रों से संपर्क करेंगे। छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

युवाओं और छात्रों के मुद्दे उठाने की बात
विधायक महेश परमार ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। उन्होंने कोटा, पटना और प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की चुनौतियों का जिक्र किया। परमार ने जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।

NSUI और युवा कांग्रेस को सौंपी जिम्मेदारी
कार्यक्रम को लेकर NSUI, युवा कांग्रेस और ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। कार्यकर्ता कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्रों से संपर्क कर रहे हैं। कांग्रेस की योजना के मुताबिक 19 सितंबर को उज्जैन से बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता वाहनों के जरिए इंदौर पहुंचेंगे। पार्टी ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए रजिस्ट्रेशन अभियान तेज कर दिया है।