राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

गाजियाबाद, 25 अक्टूबर 2025 — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी का भव्य उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर उनके साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई वीवीआईपी गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
उद्घाटन समारोह से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गाजियाबाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं, वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।






