|

कटनी में कलेक्टर ने कच्चे रास्ते पर SP को बिठाकर चलाई गाड़ी: एक किलोमीटर पैदल चले; खुद जाकर देखी सड़क की हालत

कटनी। ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम पंचायत अतरसूमा के गांव हल्का में ग्रामीणों ने कलेक्टर आशीष तिवारी के सामने सड़क की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों की ओर देखने के बजाय ग्रामीणों से बड़ी ही सहजता से कहा—“चलिए, चलकर देखते हैं…”।

इसके बाद जो हुआ, वह ग्रामीणों के लिए यादगार बन गया।
कलेक्टर  पहले ग्रामीणों के साथ करीब एक किलोमीटर तक पैदल चले। सड़क की स्थिति को करीब से देखा। आगे सड़क का रास्ता और मुश्किल था। तभी गांव के ही एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल सामने आई। कलेक्टर ने खुद दो किलोमीटर तक मोटरसाइकिल चलाई। पीछे पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को बैठाकर वह बोंदा तिराहा से बसहरा मार्ग की ओर निकल पड़े।

किया सड़क का निरीक्षण
बीते शुक्रवार को गांव में आयोजित जन विश्वास अभियान के शिविर में पहुंचने के पहले संभागायुक्त, कलेक्टर, एसपी,डीएफओ और जिला पंचायत सीईओ आस-पास के गांवों की समस्याएं जानने दौरे पर थे। इसी दौरान अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि बोंदा तिराहा से बसहरा मार्ग मिट्टी और मुरूम का बना है।

खुद मौके पर जाकर सड़क की हालत देखी 
बरसात में बारिश के कारण मुरूम बह जाने से सड़क जगह-जगह कीचड़ में बदल जाती है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। तब कलेक्टर ने खुद मौके पर जाकर सड़क की हालत देखी।  वह एक किलोमीटर पैदल चले। फिर आगे का रास्ता मोटरसाइकिल से तय किया और सड़क की स्थिति को खुद देखा। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों को बोंदा तिराहा से बसहरा मार्ग तक पक्की सड़क बनाने के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।

जब सड़क पर दौड़ी कलेक्टर की बाइक
कलेक्टर और एसपी के मोटरसाइकिल से सड़क का निरीक्षण करने की खबर जब ग्रामीणों तक पहुंची तो लोगों की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों के लिए यह दृश्य खास था। जिस सड़क पर वे रोजाना मुश्किलों के बीच आवागमन करते हैं।  उसी सड़क पर जिले के कलेक्टर स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर उसकी वास्तविक स्थिति देखने पहुंचे थे।

Share