| | |

इंदौर से बैंकॉक की सीधी उड़ान अक्टूबर से: एयर इंडिया एक्सप्रेस जल्द कर सकती है ऐलान; दिल्ली-मुंबई होकर जाने की जरूरत नहीं

इंदौर। थाईलैंड जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबर सामने आ रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस अक्टूबर के अंत से लागू होने वाले विंटर शेड्यूल में इंदौर से बैंकॉक की सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी में है। इसकी औपचारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। प्रस्तावित योजना के अनुसार उड़ान का संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जा सकता है।

ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि एयरइंडिया एक्सप्रेस लंबे समय से इंदौर से बैंकॉक की सीधी उड़ान शुरू करने की योजना पर काम कर रही है। जानकारी मिली है कि अब मुख्यालय स्तर पर इसे अक्टूबर अंत से शुरू करने पर सहमति बन चुकी है और कंपनी जल्द ही इस उड़ान की घोषणा के साथ बुकिंग शुरू कर सकती है। बताया जा रहा कि शुरुआत में कंपनी इस उड़ान का संचालन सप्ताह में तीन दिन करेगी और अच्छा रिस्पांस मिलने पर भविष्य में इसे नियमित करने पर भी विचार किया जाएगा।

समय और पैसा दोनों बचेगा 
इंदौर से थाईलैंड के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग लंबे समय से की जाती रही है। अभी इंदौर से बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु जैसे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है। इससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ किराया भी ज्यादा हो जाता है। सीधी उड़ान शुरू होने पर इंदौर और आसपास के यात्रियों को बिना किसी अन्य शहर में विमान बदलने के बैंकॉक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा का समय और किराया भी बचेगा।

पर्यटन को भी मिलेगा फायदा 
थाईलैंड भारतीय पर्यटकों के बीच लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में इंदौर से सीधी कनेक्टिविटी मिलने पर इंदौर सहित पूरे प्रदेश से थाईलैंड जाने वाले पर्यटकों को भी फायदा होगा। कम समय में यात्रा पूरी होने से छोटी अवधि की यात्राओं के लिए भी बैंकॉक जाना आसान हो सकेगा। इससे पर्यटन उद्योग को भी फायदा मिलेगा।

अभी बस अबूधाबी की उड़ान 
एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले ही इंदौर से अबूधाबी की सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित कर रही है। बैंकॉक सेवा शुरू होने पर इंदौर एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की दूसरी अंतरराष्ट्रीय सीधी उड़ान हो जाएगी। एयरलाइन का थाईलैंड नेटवर्क भी लगातार बढ़ रहा है और वह बैंकॉक के अलावा भारत के कई शहरों से थाईलैंड के लिए सेवाएं संचालित कर रही है।

Share