| |

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज करेंगे मंत्रियों से वन-टू-वन बैठक, खुलेगा परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav आज रविवार से अपने मंत्रियों के साथ वन-टू-वन बैठक शुरू करने जा रहे हैं। यह बैठकें औपचारिक माहौल से अलग होंगी, जहां चाय पर चर्चा के बीच मंत्रियों के विभागीय कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में मंत्रियों को उनके विभाग का परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड दिखाया जाएगा। इसमें यह आकलन किया जाएगा कि विभाग ने कितने कार्य किए, योजनाएं जमीन पर कितनी उतरीं और जनता तक उनका कितना प्रभाव पहुंचा। हर मंत्री को चर्चा के लिए करीब 15 मिनट का समय दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मंत्रियों की शिकायतें, विभागीय समस्याएं और आपसी समन्वय से जुड़े मुद्दे भी सुनेंगे। खास तौर पर वे मंत्री, जो किसी विवाद, बयानबाजी या आपसी टकराव को लेकर चर्चा में रहे हैं, उनसे अलग से बात की जा सकती है।

राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चा थी कि मुख्यमंत्री मंत्रियों से सीधे संवाद करेंगे। कई बार प्रस्तावित यह बैठकें टलती रहीं, लेकिन अब इन्हें सरकार के आत्ममंथन और समीक्षा अभियान के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन बैठकों के बाद परफॉर्मेंस आधारित बड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं। इसमें कैबिनेट विस्तार या फेरबदल की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।

गौरतलब है कि 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 230 में से 163 सीटों पर जीत दर्ज की थी। दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 28 मंत्रियों के साथ कैबिनेट का गठन किया था। वर्तमान में प्रदेश कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 31 सदस्य हैं, जबकि चार पद अभी भी रिक्त हैं। सरकार का ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के करीब है, ऐसे में इन बैठकों को आगामी रणनीति और प्रदर्शन समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share

Similar Posts