इफ्फी 2025: दो फिल्मों के प्रदर्शन के साथ भारतीय पैनोरमा का शुभारंभ, 45 फिल्मों का होगा प्रदर्शन

गोवा में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2025 में आज भारतीय पैनोरमा का भव्य शुभारंभ दो विशेष फिल्मों के प्रदर्शन के साथ होगा। इस साल के पैनोरमा वर्ग में फीचर और गैर-फीचर श्रेणियों की चुनिंदा फिल्मों को शामिल किया गया है, जिन्हें सिनेमाई उत्कृष्टता के आधार पर चुना गया है। इफ्फी का भारतीय पैनोरमा वर्ग सिनेमा प्रेमियों और फिल्मकारों के लिए सबसे प्रतिष्ठित मंच माना जाता है।
फीचर फिल्म श्रेणी की उद्घाटन फिल्म के रूप में राजकुमार पेरियासामी द्वारा निर्देशित तमिल फिल्म अमरन प्रदर्शित की जाएगी। यह फिल्म अपनी कथा, तकनीकी गुणवत्ता और भावनात्मक प्रस्तुति के लिए चर्चाओं में है। वहीं गैर-फीचर श्रेणी की शुरुआत निर्देशक कमलेश के. मिश्रा की डॉक्यूमेंट्री काकोरी से के साथ होगी, जो इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण झलकियों को दर्शाती है।
इस वर्ष भारतीय पैनोरमा में कुल 25 फीचर फिल्में और 20 गैर-फीचर फिल्में चुनी गई हैं। इनमें पांच फीचर फिल्में और पांच वेब सीरीज को पुरस्कारों के लिए विशेष रूप से प्रतिस्पर्धा श्रेणी में शामिल किया गया है। यह व्यापक चयन भारतीय सिनेमा की विविधता, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और रचनात्मकता को उजागर करता है।
इफ्फी का यह पैनोरमा सेक्शन हर वर्ष फिल्म उद्योग में नए प्रयोगों, नई आवाज़ों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। आयोजन स्थल पर फिल्म प्रेमियों, निर्देशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी समारोह के महत्व को और बढ़ा रही है। भारतीय पैनोरमा के आरंभ के साथ इफ्फी 2025 का यह संस्करण और भी रोमांचक और यादगार होने की उम्मीद है।






