|

सत्य साईं बाबा शताब्दी समारोह में पहुंचे पीएम मोदी, कहा—उनका जीवन “वसुधैव कुटुम्बकम” का दिव्य संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर पीएम मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सत्य साईं बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित एक स्मारक सिक्का तथा विशेष डाक टिकटों का सेट जारी किया। समारोह में क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु और जी किशन रेड्डी सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सत्य साईं बाबा का जन्मशताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक “दिव्य वरदान” है। उन्होंने कहा कि भले ही साईं बाबा आज भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनकी शिक्षा, सेवा और प्रेम का प्रकाश आज भी करोड़ों लोगों का मार्गदर्शन कर रहा है। पीएम मोदी ने सत्य साईं बाबा के जीवन को “वसुधैव कुटुम्बकम” का साकार स्वरूप बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि साईं बाबा का संदेश पुस्तकों या आश्रमों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे समाज में सेवा और करुणा की धारा के रूप में फैल गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि भारत के गांवों, आदिवासी बस्तियों, स्कूलों और अस्पतालों तक सत्य साईं संस्थानों ने संस्कृति, शिक्षा और चिकित्सा सेवा को नई ऊंचाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “मानव सेवा ही माधव सेवा” का आदर्श आज भी बाबा के अनुयायियों के काम में झलकता है।

पीएम मोदी ने सत्य साईं अस्पतालों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां गरीब परिवारों को बिना किसी बिलिंग काउंटर के, पूरी गरिमा के साथ उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवा मिलती है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 20,000 से अधिक बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोले गए, जो शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बेटियों की शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए 10 वर्ष पहले सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की थी। इस योजना में 8.2% ब्याज दर मिलती है, जो देश की सबसे अधिक ब्याज दरों में से एक है। अब तक 4 करोड़ से अधिक बेटियों के खाते इस योजना के तहत खुले हैं और सवा 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पुट्टपर्थी में 20,000 खातों का खुलवाया जाना सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास है।

Share

Similar Posts