इंदौर में दिवाली पर जलेंगे “गोबर के स्वदेशी दीये”

इंदौर, 01 अक्टूबर 2025 – स्वदेशी अभियान को नई दिशा देते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने दिवाली पर गोबर के स्वदेशी दीयों का उत्पादन प्रारंभ किया। इन दीयों के लिए नगर निगम की हातोद क्षेत्र स्थित गौशाला में दो मशीनें स्थापित की गई हैं। अगले कुछ दिनों में और मशीनें लगाई जाएंगी ताकि लाखों दीये समय पर तैयार किए जा सकें।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार यह पहल स्वदेशी अभियान को नई गति प्रदान करेगी। तैयार दीयों की पैकिंग कर बाजार में भी उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा स्वयं इस अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे हैं और जिला अधिकारियों के साथ पशुपालन विभाग, नगर निगम और जिला पूर्ति नियंत्रक को प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
गौशाला के स्वामी श्री अच्युतानंद जी महाराज ने विशेष साँचों से विविध आकार-प्रकार के गोबर के दीये बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की और इस नवाचार की सराहना की।
कलेक्टर श्री वर्मा ने नागरिकों से अपील की कि धनतेरस से लेकर दिवाली तक और इसके पश्चात अन्य त्योहारों के दौरान भी पवित्र गोबर के दीये जलाएं, जिससे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, गायों के संरक्षण और गौशालाओं की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित होगी।






