देवास में रामदेव दशमी पर निकली भव्य शोभायात्रा: अखाड़े के युवाओं ने दिखाए करतब; महिलाओं ने चढ़ाए निशान

देवास। नगर में बाबा रामदेव दशमी का पर्व अत्यधिक हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस  अवसर पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही।

दोपहर के बाद परंपरा अनुसार मालवी प्रजापति समाज के तत्वावधान में बाबा रामदेव जी की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। गाजे-बाजे और ढोल-ढमाकों की गूंज के साथ निकली इस शोभायात्रा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

मन्नत के अनुसार निशान चढ़ाए
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण अखाड़े के युवा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत साहसिक और पारंपरिक कलात्मक प्रदर्शन रहे। शोभायात्रा मार्ग पर स्थान-स्थान पर महिलाओं ने अपने घरों के सामने बाबा रामदेव जी की पूजा-अर्चना की, आरती उतारी तथा मन्नत के अनुसार निशान (ध्वज) चढ़ाए।

दर्शन के लिए आएं कई भक्त 
पुष्पों, छतर और आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित रथ में बाबा रामदेव जी की प्रतिमा विराजमान थी, जिसके दर्शन के लिए मार्ग भर में लोग आतुर दिखाई दिए।

यात्रा के बाद हुई महाआरती 
परंपरागत रूप से निकाली गई यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुँची।
मंदिर परिसर पहुँचने के पश्चात् महाआरती की गई एवं श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण कर धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share