कर्नाटक के बेलगावी में फ्रिज फटने के बाद घर में लगी आग: परिवार के 4 लोगों की मौत; 2 की हालत गंभीर

कर्नाटक। बेलगावी के चावाट गली में सोमवार रात एक घर में फ्रिज में विस्फोट हो गया जिसके कारण फ्रिज में आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा सेंट्रल बस स्टैंड के पास हुआ। घटना के समय परिवार गणेश चतुर्थी के मौके पर घर में था। आग बहुत तेजी से फैली। घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। हादसे के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया।

हादसे में मरने वालों की पहचान गजानन दमोन (65), शारदा दमोन (45), भारती दमोन (50) और रोशन दमोन (21) के रूप में हुई है। वहीं प्रिया दमोन (28) और गंगा दमोन (25) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फ्रिज में विस्फोट कैसे हुआ, जांच जारी
आग की घटना मार्केट पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई। फिलहाल फ्रिज में विस्फोट की सही वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share