| | | |

खजराना मंदिर में सुरक्षा के लिए 20 करोड़ का बीमा: कलेक्टर बोले-सुविधा के लिए लगातार प्रयास कर रहे; दर्शन करने आते है लाखों श्रद्धालु

इंदौर। खजराना गणेश मंदिर में गणेशोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पहली बार 20 करोड़ की पब्लिक लायबिलिटी इंश्योरेंस पॉलिसी कराई गई है।

उत्सव के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने इसे सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा बेहतर करने के लिए लिया है।

पॉलिसी के तहत गणेशोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित नियम और शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा मिलेगी। किसी दुर्घटना या जनहानि में पॉलिसी के प्रावधानों के अनुसार बीमा कंपनी की ओर से भुगतान किया जाएगा।

भगवान से प्रार्थना कि बीमा की जरूरत न पड़े
मंदिर समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं का बीमा कराया गया है, जिसकी क्लेम राशि 20 करोड़ रहेगी। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश से यही प्रार्थना है कि बीमा की जरूरत न पड़े। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
गणेशोत्सव के 10 दिनों में खजराना गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। दर्शन व्यवस्था के साथ सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस बल के साथ सुरक्षा गार्डों की संख्या भी बढ़ाई गई है। मंदिर समिति के मुताबिक श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Share