| |

रीवा में बीमार दादी को कुर्सी पर बैठाकर मेन रोड तक लाना पड़ा: ग्रामीण कीचड़ और गड्ढों से परेशान; घर तक नहीं पहुंच रहे वाहन

रीवा। ग्राम सर से ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़क व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। गांव तक पहुंचने वाला रास्ता खराब होने के कारण गंभीर रूप से बीमार एक बुजुर्ग महिला को परिजन प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठाकर मुख्य मार्ग तक ले जाने को मजबूर हुए। इसका वीडियो सामने आने के बाद गांव की सड़क और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीण शशांक गौतम के अनुसार, उनकी बुजुर्ग दादी पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थीं। अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था की।

हालांकि, गांव तक पहुंचने वाला रास्ता बेहद खराब होने के कारण वाहन घर तक नहीं पहुंच सका। लगातार बारिश के चलते रास्ते पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ जमा है। ऐसे में वाहन तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।

कुर्सी पर बैठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया
महिला की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण परिजनों के पास उन्हें अस्पताल पहुंचाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने बुजुर्ग महिला को प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठाया और हाथों व कंधों के सहारे ऊबड़-खाबड़ तथा कीचड़ भरे रास्ते से होते हुए मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। मुख्य मार्ग पर पहुंचने के बाद महिला को वाहन से अस्पताल के लिए रवाना किया गया।

कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पहुंच मार्ग की समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है।

खासकर बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के पहुंच मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क ठीक होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी संभव हो सकेगा।

Share