रतलाम रोड पर तेरहवीं में जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर: मौके पर मौत; वाहन चालक हुआ फरार

झाबुआ। करवड़ चौकी क्षेत्र के अंतर्गत रतलाम रोड पर शनिवार सुबह गंगाखेड़ी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात वाहन ने बाइक (MP 43 EJ 6705) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान
मृतक की शिनाख्त राधेश्याम (पिता मोहनलाल त्रिवेदी), निवासी बामनखेड़ी, थाना बरखेड़ा, जिला रतलाम के रूप में हुई है। मृतक पेटलावद के रामगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था। इस दौरान पीछे आ रहे उसके अन्य परिचितों ने दुर्घटना को देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी।

पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही करवड़ चौकी प्रभारी प्रहलाद सिंह चुंडावत अपने दल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है तथा फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस दुर्घटना से जुड़ी तमाम स्थितियों की बारीकी से छानबीन कर रही है, और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पेटलावद भेज दिया गया है।