पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, नौगाम सेक्टर में 40 मिनट तक चली अंधाधुंध गोलाबारी; भारतीय सेना का मुंहतोड़ जवाब

पाकिस्तान ने शनिवार शाम एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में भारतीय चौकियों पर अंधाधुंध गोलाबारी शुरू कर दी। करीब 40 मिनट तक लगातार हुई फायरिंग का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और दुश्मन की चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया।
सूत्रों के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे पाकिस्तानी सेना ने तूतमार गली क्षेत्र को निशाना बनाया। शुरुआती संयम के बाद भारतीय जवानों ने भी जोरदार पलटवार किया। देर रात तक गोलीबारी जारी रही और जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की एक निगरानी चौकी तबाह हो गई।
इधर, जिला उधमपुर के सियोजधार के जंगलों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस दौरान भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है ताकि छिपे आतंकियों का सफाया किया जा सके।






