ऑनलाइन गैंबलिंग-सट्टा सिंडिकेट में एक और गिरफ्तारी: रवि खानचंदानी पकड़ा; अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी रवि खानचंदानी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विदेशी सर्वर से चल रहा था ऑनलाइन गेमिंग का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट द्वारा विदेशी सर्वर के जरिए ऑनलाइन गेमिंग और गैंबलिंग का संचालन किया जा रहा था। इस नेटवर्क में करोड़ों रुपए का दांव लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
मोबाइल से डिजिटल साक्ष्य जुटा रही क्राइम ब्रांच
गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन समेत अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस इनसे चैट, लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी है। पूछताछ के आधार पर सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
जीतू पटवारी के भाई का नाम भी जांच में सामने आया
जांच के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी समेत कुछ अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इनकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

आरोपी से रिमांड पर पूछताछ जारी
क्राइम ब्रांच गिरफ्तार आरोपी रवि खानचंदानी से रिमांड पर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिंडिकेट का संचालन कौन कर रहा था, इसमें कितने लोग जुड़े हैं और ऑनलाइन सट्टेबाजी से होने वाली रकम का लेन-देन किस तरह किया जाता था। मामले में डीसीपी नरेंद्र रावत ने कार्रवाई की जानकारी दी।