| | | |

महाकाल आए गृह मंत्रालय के अकाउंटेंट को दुकानदार ने मारे थप्पड़: परिवार से धक्का-मुक्की की; प्रसाद लेने का दबाव डाला

उज्जैन। महाकाल के दर्शन करने ग्वालियर से आए गृह मंत्रालय में पदस्थ सीनियर अकाउंटेंट योगेश साहू ने मंदिर क्षेत्र में प्रसाद और फूल खरीदने के बाद दुकानदार परिवार पर ज्यादा सामान लेने का दबाव बनाने लगे।

इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 4-5 लोगों ने परिवार के साथ मारपीट कर दी।

घटना में परिवार की महिलाओं समेत कई सदस्यों को चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत महाकाल थाने में दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बैग रखने के बदले प्रसाद लेने को कहा
दरसल, बुधवार को योगेश साहू परिवार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे। पत्नी, बहन और अन्य परिजन भी साथ थे। मंदिर क्षेत्र में प्रसाद की दुकानों पर बैग रखने के बहाने उन्हें रोक लिया गया। दुकानदारों ने बैग रखने के बदले प्रसाद लेने को कहा। परिवार ने 100 से 150 का प्रसाद खरीदा और आगे बढ़ गया।

दोबारा प्रसाद लेने का दबाव डाला 
आरोप है कि प्रसाद खरीदने के बाद दुकानदारों ने परिवार पर दोबारा प्रसाद लेने का दबाव बनाया। मना करने पर विवाद बढ़ गया। योगेश साहू के मुताबिक, 4-5 लोग उनके पीछे आए और हाथापाई की, साथ ही खरीदा हुआ प्रसाद भी छीन लिया। घटना में अंकिता साहू की कोहनी में चोट आई, जबकि योगेश को थप्पड़ मारने का आरोप है। परिवार के अन्य सदस्यों से भी धक्का-मुक्की हुई। गर्भवती नेहा के साथ घटना से परिजन घबरा गए।

परिवार पहुंचा थाने
घटना के बाद योगेश साहू अपने परिवार के साथ महाकाल थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से प्रसाद बेचने के नाम पर श्रद्धालुओं पर दबाव बनाने और विवाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। योगेश का कहना है कि जागरूक होने के कारण वे शिकायत कर सके, लेकिन कई श्रद्धालु ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज नहीं उठा पाते। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है।

Share