इंदौर के मूसाखेड़ी में जन विश्वास शिविर: लोगों ने रखीं पानी-सफाई की शिकायतें; अफसरों ने मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश

इंदौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को मूसाखेड़ी में जन विश्वास शिविर लगाया गया। शिविर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 के मूसाखेड़ी स्थित जोन क्रमांक-18 के जोनल कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ।
शिविर में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक महेंद्र हार्डिया, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम कमिश्नर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने यहां लोगों की समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी शिकायतें और आवेदन अधिकारियों के सामने रखे।
अधिकारियों ने मौके पर सुनी लोगों की समस्याएं
शिविर में क्षेत्र के कई रहवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने पानी, सफाई, सड़क, सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं से जुड़े आवेदन दिए। अधिकारियों ने लोगों से उनकी समस्या के बारे में जानकारी ली। संबंधित विभाग के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभाग को भेजा गया। अधिकारियों ने इन मामलों में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी
शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई। जरूरत के अनुसार आवेदन भी लिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।
एक ही जगह पर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों की सुनवाई की जा रही है। शिविर में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लोगों से कहा कि वे अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन शिविर में दें। संबंधित विभाग के अधिकारी उनकी शिकायतों पर कार्रवाई करेंगे।