बहन से राखी बधाने गया तो उठा ले गई पुलिस: रीवा में नाबालिग के साथ किया था गैंगरेप; एक साल से काट रहा था फरारी

रीवा। जवा थाना पुलिस ने नाबालिग से गैंगरेप के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को खीरी थाना क्षेत्र के पालपट्टी गांव से पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपी रक्षाबंधन के मौके पर अपनी बहन के घर आया था। गिरफ्तारी के बाद उसे रीवा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
नाबालिग को अकेला पाकर वारदात का आरोप
नाबालिग पीड़िता को अकेला पाकर आरोपी राहुल उर्फ दीपक कुमार चर्मकार ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी थी। बाद में पीड़िता के गर्भवती होने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद जवा थाने में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।

करीब एक साल से पुलिस को थी तलाश
पुलिस ने मामले में BNS की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी राहुल उर्फ दीपक कुमार चर्मकार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
रक्षाबंधन पर बहन के घर पहुंचा, पुलिस ने दबोचा
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पालपट्टी गांव में अपनी बहन के घर आया हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद जवा पुलिस टीम ने यूपी पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रीवा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।