|

सुभाष चंद्रा का मुकेश अंबानी पर आरोप: बोले- मेरे कर्ज और NCLT मामले को लेकर गलत खबरें फैलाई जा रहीं; रिलायंस ने आरोप नकारे

नई दिल्ली। एसेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनसे जुड़े मीडिया संस्थानों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंद्रा का कहना है कि उनके कर्ज और NCLT में चल रही कार्रवाई को लेकर मीडिया में गलत जानकारी फैलाई जा रही है। वहीं, रिलायंस ने चंद्रा के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। ₹22 हजार करोड़ के कर्ज को लेकर उठाया सवाल, सुभाष चंद्रा ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में बताया जा रहा है कि उनका करीब ₹22 हजार करोड़ का कर्ज NCLT के जरिए सिर्फ ₹6.5 करोड़ में निपटा दिया गया।

चंद्रा ने इस बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि ₹22 हजार करोड़ का आंकड़ा उनके खिलाफ किए गए कुल दावों से जुड़ा है। उनका कहना है कि यह पूरा कर्ज उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर नहीं लिया था, बल्कि एसेल ग्रुप की कंपनियों से जुड़ा था। NCLT की कार्रवाई में करीब ₹22,006 करोड़ के दावों के मुकाबले करीब ₹6.5 करोड़ के भुगतान वाली योजना को मंजूरी दी गई है। इसी वजह से यह मामला चर्चा में आया है।

अंबानी और मीडिया कंपनियों पर लगाए आरोप
ज़ी न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में चंद्रा ने मुकेश अंबानी और TV18 नेटवर्क का नाम लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ लगातार गलत खबरें और नकारात्मक बातें चलाई जा रही हैं। चंद्रा ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर अंबानी से संपर्क करने की कोशिश की थी। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अंबानी को पत्र भी लिखा। चंद्रा ने मीडिया कंपनियों से सही तथ्यों के आधार पर खबरें चलाने की अपील की।

2019 के Zee विवाद का भी जिक्र
सुभाष चंद्रा ने 2019 में Zee के शेयरों में आई बड़ी गिरावट का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान अंबानी से जुड़ी कंपनियों की भूमिका थी। इसके बाद इन्वेस्को के साथ मिलकर Zee को खरीदने की कोशिश की गई थी, इसका भी उन्होंने दावा किया।

रिलायंस ने कहा- आरोप बेबुनियाद
सुभाष चंद्रा के आरोपों के बाद रिलायंस ने बयान जारी कर उन्हें खारिज कर दिया। रिलायंस के प्रवक्ता ने कहा कि चंद्रा की बातें बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि रिलायंस से जुड़ी मीडिया कंपनियों का इस्तेमाल कभी किसी व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए नहीं किया गया। रिलायंस ने यह भी कहा कि वह सुभाष चंद्रा का एक कारोबारी और उद्यमी के तौर पर सम्मान करता है और उनके अच्छे भविष्य की कामना करता है।

Share