धार में 2 KM पहाड़ी चढ़कर घायल तक पहुंची पुलिस: खटिया से सड़क तक लाए; 108 नहीं मिली तो डायल 112 से अस्पताल पहुंचाया

धामनोद। धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोठिदा में डायल-112 की FRV-22 टीम ने ग्रामीणों की मदद की। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाया। जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर घायल को खटिया के सहारे सड़क तक पहुंचाया। उसके बाद पुलिस ने अपने वाहन से अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की शाम कोठिदा निवासी एक कॉलर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनके पिता दिनेश पिता बजरिया गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें तत्काल मदद की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही FRV-22 टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
बताया गया कि घटनास्थल मुख्य सड़क से करीब दो किलोमीटर अंदर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित था। रास्ता बेहद कठिन होने के कारण वाहन का मौके तक पहुंचना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए FRV-22 में तैनात आरक्षक देवेन्द्रसिंह डावर और पायलट शरण राठौर बिना समय गंवाए पैदल ही पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से खटिया पर लाए घायल
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से गंभीर घायल दिनेश को खटिया पर लिटाया और उसे पहाड़ी क्षेत्र से नीचे मुख्य सड़क तक लेकर आए। इस दौरान टीम ने घायल की स्थिति को देखते हुए लगातार जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।

108 नहीं मिली तो डायल 112 से पहुंचाया अस्पताल
सड़क तक पहुंचने के बाद मौके पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए घायल दिनेश को अपने FRV वाहन में बैठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC धामनोद पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल को समय पर उपचार मिलने से उसकी स्थिति में सुधार हुआ है और अब वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
डायल- 112 टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता, साहस और मानवीय संवेदना की ग्रामीणों एवं घायल के परिजनों ने सराहना की। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों की मदद से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने की इस कार्रवाई को लेकर परिजनों ने टीम का आभार व्यक्त किया।