जबलपुर में 62वीं मप्र जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप: सानवी ने जीता गोल्ड; 100 मीटर के तीनों पदक इंदौर के नाम

इंदौर। जबलपुर में आयोजित 62वीं मध्य प्रदेश स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में इंदौर की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर पदकीय सफलता हासिल की।
100 मीटर दौड़ में इंदौर कॉरपोरेशन एरिया एथलेटिक्स एसोसिएशन की सानवी सिंह ने स्वर्ण, प्रियांशी गोस्वामी ने रजत तथा शुभद्रांगी सिंह सिकारवार ने कांस्य पदक हासिल किया।
इस तरह फर्राटा दौड़ के तीनों पदक इंदौरी खिलाड़ियों के नाम रहे। मप्र स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रियांशी ने रजत और शुभद्रांगी ने कांस्य पदक जीता
सानवी ने 13.87 सेकंड में पूरी की रेस
चैंपियनशिप में अंडर-14 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सानवी सिंह ने 13.87 सेकंड के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं प्रियांशी गोस्वामी ने 14.40 सेकंड के समय के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। इसी स्पर्धा में इंदौर जिले की शुभद्रांगी सिंह सिकारवार ने 15.58 सेकंड के समय के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक जीता।

पदक विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमानत खान एवं उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी रीना चौहान (डीएसओ इंदौर), इंदौर कॉरपोरेशन एरिया एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र वर्मा, विनोद कुमावत, डॉ. शशांक वझे, विशाल वर्मा एवं रिदम सिंह ने शुभकामनाएं दीं।