‘शक्कर छोड़ो, वंदे मातरम पर बात करो’: अशोकनगर के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला बोले- विपक्ष युवाओं को भड़का रहा

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के कैबिनेट मंत्री और अशोकनगर के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला का महंगाई को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है।
राकेश शुक्ला ने कहा कि जनता को धैर्य रखना चाहिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर गंभीरता से चिंतन कर रहे हैं।
रक्षाबंधन तक सस्ती होगी शक्कर? मंत्री ने नहीं दिया जवाब
जब मंत्री से पूछा गया कि क्या रक्षाबंधन के त्योहार तक शक्कर के दाम कम हो जाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भोपाल जाकर गंभीरता से चर्चा की जाएगी।
महंगाई के सवाल पर राष्ट्रवाद का जिक्र
विपक्ष द्वारा महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने के सवाल पर मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि विपक्ष को जनहित और राष्ट्रीय मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने देश में चल रहे विभिन्न मुद्दों और दुनिया में बने युद्ध के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि इन परिस्थितियों का असर भी महंगाई पर पड़ता है।
देश सुरक्षित तो हम सुरक्षित
मंत्री ने वंदे मातरम और देश की सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि शक्कर का मुद्दा जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी देश भी है। उनका कहना था कि देश सुरक्षित रहेगा, तभी हम सभी सुरक्षित रहेंगे।