धार में 4 महीने से राशन नहीं मिलने पर उचित मूल्य की दुकान सील: निरीक्षण के दौरान सेल्समैन गायब; ग्रामीणों ने की शिकायत

धार। धरमपुरी विधानसभा के ग्राम पिपलियाखुट में ग्रामीणों को चार महीने से राशन नहीं मिल रहा था। ग्रामीणों ने सेल्समैन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मशीन पर अंगूठा लगवाया जाता था। इसके बाद राशन नहीं दिया जाता था। परेशान ग्रामीणों ने धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर से शिकायत की है। विधायक की पहल पर तहसीलदार अंजली गुप्ता मौके पर पहुंचीं। उन्होंने उचित मूल्य की दुकान का औचक निरीक्षण किया।
दुकान पर मिला ताला
निरीक्षण के दौरान सेल्समैन मौके पर मौजूद नहीं था। उससे संपर्क करने की कोशिश भी की गई। लेकिन संपर्क नहीं हो सका। जांच में दुकान पर कई अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद तहसीलदार ने तत्काल दुकान को सील कर दिया।

खाद्य विभाग करेगा जांच
तहसीलदार अंजली गुप्ता ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के निर्देश खाद्य विभाग को दिए गए हैं। आसपास के डोंगरी और दसोड़ा गांवों से भी राशन नहीं मिलने की शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों पर संबंधित सेल्समैनों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
मामला SDM के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। प्रशासन ने जल्द दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।