इंदौर में चाकू लहराने वाला बदमाश गिरफ्तार; पुलिस ने लगवाई उठक-बैठक; महिलाओं से की थी छेड़छाड़

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित चांदू वाला रोड पर शनिवार रात नशे में धुत एक बदमाश ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपी खुलेआम चाकू लहराकर राहगीरों को डराता रहा।
अपने साथियों के साथ नशे की हालत में सड़क पर हंगामा कर रहा था। स्थानीय लोगों ने उसकी हरकतों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
उसने महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ भी की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चाकू लहराया, महिलाओं को छेड़ा
आरोपी जबीर उर्फ कल्लू पिता शाकिर अपने साथियों के साथ नशे की हालत में सड़क पर हंगामा कर रहा था। आरोप है कि वह हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा था और वहां से गुजरने वाली महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था। स्थानीय लोगों ने उसकी हरकतों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
क्षेत्र का शातिर और लिस्टेड बदमाश
वीडियो सामने आने के बाद चंदन नगर पुलिस ने देर रात आरोपी की तलाश में दबिश दी और घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। जबीर उर्फ कल्लू क्षेत्र का शातिर और लिस्टेड बदमाश है। इसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
थाना परिसर में उठक-बैठक लगवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अड़ीबाजी, अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। थाने लाने के बाद पुलिस ने आरोपी की अकड़ निकालने के लिए थाना परिसर में उससे उठक-बैठक भी लगवाई।