24 घंटे लापता रही बांग्लादेशी एक्ट्रेस, दो हिस्सों में मिला शव: पति पर हत्या का आरोप; कार से मिले सुराग

बांग्लादेश की एक्ट्रेस राइमा इस्लाम शिमू की हत्या का मामला साल 2022 में काफी चर्चा में रहा था। 16 जनवरी को वह शूटिंग के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। अगले दिन परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कुछ समय बाद ढाका के बाहर एक इलाके में बोरी के अंदर उनका शव मिला। शव को दो हिस्सों में काटा गया था।
जांच के दौरान पुलिस को परिवार की कार से कुछ संदिग्ध चीजें मिलीं। कार से तेज गंध आ रही थी और नायलॉन की रस्सी भी मिली। पुलिस ने आशंका जताई कि शव को कार से दूसरी जगह ले जाया गया था। इसके बाद जांच का शक राइमा के पति सखावत अली नोबेल तक पहुंचा।

थिएटर से शुरू हुआ था करियर
राइमा ने अभिनय की शुरुआत थिएटर से की थी। फिल्ममेकर काजी हयात ने उनकी प्रतिभा देखकर उन्हें 1998 में आई फिल्म ‘वर्तमान’ में काम दिया। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश की कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया। वह करीब 25 फिल्मों का हिस्सा रहीं।
2004 में हुई थी शादी
राइमा की मुलाकात कारोबारी सखावत अली नोबेल से हुई थी। दोनों ने 2004 में शादी की थी। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों में काम कम कर दिया, लेकिन टीवी और प्रोडक्शन से जुड़ी रहीं। उनके दो बच्चे थे।
पति पर लगा हत्या का आरोप
जांच में राइमा और उनके पति के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई। राइमा ने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद हुआ था।
आरोप है कि विवाद के दौरान सखावत ने राइमा की हत्या कर दी। इसके बाद उनके दोस्त की मदद से शव को बोरी में रखा गया और कार के जरिए सुनसान जगह पर ले जाया गया।
रात में ठिकाने लगाया शव
शव को दिन में ठिकाने लगाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों वापस लौट आए। रात में वे फिर कार लेकर निकले और केरानीगंज इलाके में एक पुल के पास बोरी को झाड़ियों में फेंक दिया।
जांच में छह लोग हिरासत में
पुलिस ने सखावत और उनके दोस्त समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान सखावत ने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार की। जांच में घरेलू विवाद और हिंसा से जुड़े कई आरोप भी सामने आए।