| | | |

EXCLUSIVE-इंदौर-जयपुर एक्स्प्रेस ट्रेन में सीट नहीं मिली तो मारा चाकू: नागदा में ट्रेन रुकते ही कोच में घुसे; शुरू की मारपीट

उज्जैन। नागदा रेलवे स्टेशन पर सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। शनिवार-रविवार की रात 12:30 बजे प्लेटफार्म नंबर-2 पर जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो युवक घुस गए।

दोनों ने इंदौर निवासी युवक और उसके साथ बैठी महिला से मारपीट की। इसी दौरान युवक के सिर पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया।

घटना के बाद 112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी होने का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

सीट को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, जयपुर एक्सप्रेस इंदौर से रवाना होकर उज्जैन होते हुए नागदा पहुंची थी। ट्रेन के जनरल कोच में सीट पर बैठने को लेकर इंदौर निवासी युवक और नागदा की एक महिला के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद महिला ने ट्रेन से ही फोन कर दो युवकों को नागदा स्टेशन बुला लिया। ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंचने से पहले ही दोनों युवक वहां मौजूद थे।

ट्रेन रुकते ही कोच में घुसे, शुरू की मारपीट
जैसे ही जयपुर एक्सप्रेस नागदा स्टेशन पर रुकी, दोनों युवक जनरल कोच में घुस गए। फिर युवक और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने इंदौर निवासी युवक के सिर पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। यात्रियों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

112 पर कॉल के बाद भी 30 मिनट तक इंतजार का आरोप
घटना के बाद यात्रियों ने डायल 112 पर मदद के लिए सूचना दी। यात्रियों का आरोप है कि सूचना देने के बाद 30 मिनट तक आरपीएफ और जीआरपी का कोई जवान मौके पर नहीं पहुंचा। इस घटना के बाद नागदा रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद दोनों युवक चाकू लेकर ट्रेन के जनरल कोच तक कैसे पहुंच गए।

Share