| | |

इंदौर की इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार: जेब्रा क्रॉसिंग में बनाई थी रील; वीडियो वायरल हुआ तो मांगी थी माफी

इंदौर। लैंटर्न चौराहा पर जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर वीडियो बनाने वाली युवती को तुकोगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताती है।

शुक्रवार को युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कर उसकी पहचान की।

कमिश्नरेट के इंटेलिजेंस विंग में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर तुकोगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने शनिवार को युवती को गिरफ्तार कर लिया।

रील बनाने के लिए सड़क के बीच लेटी
एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने बताया कि वीडियो में युवती लैंटर्न चौराहा के जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी हुई नजर आ रही थी। इस कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और ट्रैफिक रुक गया। सोशल मीडिया पर ज्यादा लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए यह वीडियो बनाया था।

सोशल मीडिया अकाउंट से हुई पहचान
वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। साइबर एक्सपर्ट की मदद से युवती के इंटरनेट मीडिया अकाउंट की जांच करवाई गई। युवती की पहचान खजराना निवासी प्रकृति राजेश गौर के रूप में हुई। 
रील के लिए व्यस्त चौराहे को बनाया शूटिंग स्पॉट
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने सामान्य यातायात वाले व्यस्त चौराहे पर ही रील बनाना शुरू कर दिया। जेब्रा क्रॉसिंग पैदल यात्रियों को सुरक्षित सड़क पार कराने के लिए होती है, लेकिन युवती वहीं पर लेट गई। इस दौरान उसका वीडियो बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया गया।
पुलिस ने दी चेतावनी, होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रील और शॉर्ट वीडियो बनाने के नाम पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर स्टंट करने, खतरनाक तरीके से वीडियो शूट करने या जानबूझकर ट्रैफिक रोकने वालों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना गैरकानूनी है। यह सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।
Share