इंदौर ITI में मूक-बधिर ट्रेनी से अवैध वसूली: इंटरप्रेटर गिरफ्तार; खाना देने के लिए लेती थी पैसे

इंदौर। हीरानगर स्थित शासकीय आईटीआई में मूक-बधिर और दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों से अवैध रूप से रुपए वसूले है। शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने गेस्ट फैकल्टी एवं इंटरप्रेटर इंदिरा जाटव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।
भोजन देने के नाम पर लिए पैसे
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों से भोजन उपलब्ध कराने के नाम पर रुपए वसूले। आरोप है कि प्रशिक्षणार्थियों से रुपए लेने के बावजूद उन्हें भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया।
2024-25 में इंटरप्रेटर के पद पर हुई थी नियुक्ति
इंदिरा जाटव की नियुक्ति वर्ष 2024-25 में इंटरप्रेटर के पद पर हुई थी। वह शासकीय आईटीआई में गेस्ट फैकल्टी के रूप में भी काम करती थीं।

प्रशिक्षणार्थियों के बयान दर्ज, पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई। पुलिस ने मूक-बधिर और अन्य दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का दावा है कि जांच और प्रशिक्षणार्थियों के बयानों में अवैध वसूली के आरोपों की पुष्टि हुई है।
पूछताछ जारी
इसके बाद हीरानगर पुलिस ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रकम और अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस अब कथित अवैध वसूली की रकम और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया जाएगा।