| | |

इंदौर में मर्डर से पहले लिखी 5 पेज की स्क्रिप्ट: कहा- बच्चों को मारने का प्लान नहीं था; मैं भी कर लूंगा सुसाइड

इंदौर। मां बेटी का मर्डर करने वाले आरोपी के घर से एक डायरी मिली है। डायरी में 5 पेज में हत्या की स्क्रिप्ट लिखी हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सुनिल पुलिस रिमांड में है। पूछताछ में उसने बताया मैं काफी दिनों से मानसिक तनाव में हूं। पुलिसकर्मियों से बार-बार कह रहा है- मैं आत्महत्या कर लूंगा।

पुलिस का कहना है कि डायरी इन्वेस्टीगेशन का पार्ट है। अभी इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। जैसे ही जांच पूरी होगी इसके बारे में भी बताया जाएगा।

घटना झलारिया गांव की है। आरोपी ड्राइवर सुनील चौहान ने अपनी पत्नी की घर पर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी बेटी-बेटे को भी तालाब में फेंक दिया। बेटी की डूबने से मौत हो गई। बेटे ने मरने का नाटक किया। जब आरोपी चला गया तब बेटे ने बाहर निकलकर अपनी जांच बचाई।

12 साल का गुस्सा और शक
सुनील और उसकी पत्नी अनीता के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। सुनील ने डायरी में लिखा कि अनीता उसे पिछले 12 साल से परेशान कर रही थी। पत्नी बार-बार धमकी देती थी और घर छोड़कर चले जाने की बात कहती थी। घर से मिली पॉकेट डायरी के 5 पन्नों में सुनील ने वारदात से 6 दिन पहले हत्या की कहानी लिख दी थी।

अक्सर मायके में रहती थी अनीता
सुनील ने पुलिस को बताया कि अनीता अक्सर मायके में रहा करती थी। एक महिला रिश्तेदार ने उसे गांव एक युवक के साथ अनीता के संबंधों की बात बताई थी। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा और बढ़ गया। पुलिस अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं कर रही है। आरोपी ने कबूल किया कि उसने पहले हत्या की योजना बना ली थी। तब वह बच्चों को नहीं मारने वाला था।

सोमवार की रात को एक दम से बना मन
सोमवार रात पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि सुनील ने पूरे परिवार को खत्म करने का फैसला कर लिया। उसने सबसे पहले अनीता की हत्या की। इसके बाद वह अपनी 10 साल की बेटी माही और 8 साल के बेटे अजय को तालाब पर ले गया और दोनों को पानी में फेंक दिया।

बेटे के जिंदा बचने पर हुआ खुलासा 
घटना में माही की डूबने से मौत हो गई। बेटे अजय ने पानी में गिरते ही किनारे उगी झाड़ियों को मजबूती से पकड़ लिया और अपनी जान बचा ली। अजय के जिंदा बच जाने से पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम पता चला।

चाकू का आधा हिस्सा मिला
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी के बेटे ने इस घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद हमने सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की मोटरसाइकिल और चाकू का आधा हिस्सा मिला है। डायरी की और जांच की जा रही है।

 

‘मैं भी सुसाइड कर लूंगा’… लॉकअप में 24 घंटे पहरा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड पर चल रहा सुनील पूछताछ के दौरान लगातार मानसिक दबाव में दिख रहा है। वह पुलिसकर्मियों से बार-बार कह रहा है – “मैं भी आत्महत्या कर लूंगा।”

लॉकअप में 24 घंटे कड़ी निगरानी
लॉकअप में 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पॉकेट डायरी में सुसाइड नोट जैसी बातें भी लिखी हैं। पुलिस अब डायरी की राइटिंग, आरोपी के बयानों और मौके से मिले सबूतों का मिलान कर रही है।

शव लेने से मुकरे दोनों परिवार, रात को बनी सहमति
वारदात के बाद मंगलवार को एमवाय हॉस्पिटल में अनीता और बेटी माही के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि दोनों ही पक्ष शव लेने से पीछे हटते रहे।

ससुराल पक्ष अंतिम संस्कार के लिए तैयार
पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर काफी देर तक समझाया। काफी समझाने के बाद रात 8 बजे ससुराल पक्ष अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। इस घटना को अपनी आंखों से देखने वाले मासूम बेटे अजय को फिलहाल उसके दादा-दादी के पास भेज दिया गया है।

Share