| | | |

भोपाल में CM की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक : कई मुद्दों पर होगा मंथन; कृषि और रेल कनेक्टिविटी पर फोकस

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राजधानी भोपाल में दिनभर कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक और मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वे सामाजिक समरसता अभियान, कृषि महोत्सव और रेल सेवा विस्तार से जुड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

सुबह प्रशासनिक बैठक से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे ADG इंटेलिजेंस और आयुक्त जनसंपर्क के साथ ब्रीफिंग बैठक करेंगे। इसके बाद माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां ‘अभ्युदय 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे मुख्यमंत्री मंत्रालय पहुंचेंगे। यहां कैबिनेट बैठक से पहले अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग होगी।

दोपहर 12 बजे होगी कैबिनेट बैठक
दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बैठक में प्रदेश से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री रवीन्द्र भवन पहुंचेंगे। यहां ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा’ के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कृषि महोत्सव में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे
दोपहर बाद मुख्यमंत्री मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुना में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में शामिल होंगे। इस दौरान कृषि से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

बीरपुर तक पहुंचेगी मेमू ट्रेन
दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल सेवा विस्तार कार्यक्रम में शामिल होंगे। कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर रेलखंड के आमान परिवर्तन के बाद ग्वालियर-कैलारस मेमू  ट्रेन सेवा को बीरपुर स्टेशन तक विस्तारित किया जाएगा।

रेल सेवा के विस्तार से क्षेत्र में आवागमन और रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

शाम को प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात
दोपहर 3:20 से 4 बजे के बीच मुख्यमंत्री मंत्रालय में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से NDDB के साथ हुए अनुबंध के तहत गठित स्टीयरिंग कमेटी की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री कार से मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।

आज मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रशासनिक समीक्षा, कैबिनेट बैठक, सामाजिक समरसता, कृषि और रेल कनेक्टिविटी से जुड़े कई अहम कार्यक्रम शामिल हैं।

Share