धार में ओवरटेक के दौरान तूफान और बलेनो की जोरदार टक्कर: सवारियों से भरी थी गाड़ी, बड़ा हादसा टला; सभी सुरक्षित

धार। धरमपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुरा फाटे के पास देर रात ओवरटेक के दौरान एक तूफान गाड़ी और बलेनो कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई है।
तूफान गाड़ी धरमपुरी से खलघाट की ओर जा रही थी। तभी ड्राइवर ने सामने चल रहे अल्ट्राटेक के बड़े ट्राले को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय सामने से खलघाट की दिशा से आ रही बलेनो कार से तूफान वाहन की जोरदार टक्कर हो गई।
दोनों वाहनों का हुआ नुकसान
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। तूफान गाड़ी में बड़ी संख्या में लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने की मदद
स्थानीय लोगों ने तुंरत घायलों की मदद की। प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई है। राहत की बात रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर धरमपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। मौके पर मौजूद लोगों से हादसे को लेकर पूछताछ की। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।