सेंधवा में आजादी का जश्न: ऐतिहासिक किले पर विधायक ने फहराया तिरंगा; मंडी शेड में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

सेंधवा। स्वतंत्रता दिवस का पर्व शनिवार को सेंधवा शहर में हर्षोल्लास और देशभक्ति का माहौल रहा। ऐतिहासिक प्राचीन किले की प्राचीर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान तहसीलदार हितेन्द्र भावसार, नगर पालिका CMO मधु चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्कूली स्टूडेंट्स भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान हुआ।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किला परिसर स्थित नगर पालिका अध्यक्ष जनसंपर्क कार्यालय, राम बाजार, मंडी शेड, विधायक कार्यालय, SDM कार्यालय, तहसील कार्यालय और मंडी कार्यालय सहित शहर के विभिन्न शासकीय एवं निजी संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। देशभक्ति नारों और विभिन्न कार्यक्रमों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
मंडी शेड में आयोजित हुआ जनपद का सामूहिक कार्यक्रम
किला परिसर स्थित मंडी शेड में जनपद पंचायत की ओर से स्वतंत्रता दिवस का सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जनपद अध्यक्ष लता सीताराम पटेल ने ध्वजारोहण किया। हालांकि ध्वजारोहण के दौरान रस्सी की गांठ मजबूत बंधी होने के कारण कुछ देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांठ खोलने के लिए राष्ट्रध्वज को नीचे उतारना पड़ा। इसके बाद रस्सी की गांठ को ठीक किया गया और दोबारा प्रयास के बाद ध्वजारोहण हो सका। ध्वजारोहण के बाद स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। अच्छी प्रस्तुति देने वाले डांस ग्रुपों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का लाइव प्रसारण LED स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों को दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद रहे।

वरला में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
वरला तहसील क्षेत्र में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न गांवों में स्कूली विद्यार्थियों ने प्रभात फेरियां निकालीं। मुख्य कार्यक्रम शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।
