इंदौर में तुलसी सिलावट ने किया ध्वजारोहण: परेड की सलामी ली; 20 दलों ने किया मार्च पास्ट

इंदौर। महेश गार्ड लाइन स्थित आरएपीटीसी ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी किया गया।


सहायक पुलिस आयुक्त ने किया परेड का नेतृत्व
समारोह में परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यश बिजोरिया ने किया। सीमा सुरक्षा बल, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, एनसीसी एयर विंग, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस, आरआई ग्रुप, एसपीसी गर्ल्स, सृजन दल और शौर्या दल सहित विभिन्न विभागों के कुल 20 दलों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। बीएसएफ और प्रथम वाहिनी के बैंड ने भी समारोह में अपनी प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया
समारोह के दौरान शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर, शासकीय मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मॉर्डन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और लोकगीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।