| |

उज्जैन में देशभक्ति और उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस: वीर शहीदों के परिजनों का किया सम्मान; बच्चों ने गाया मध्यप्रदेश गान

उज्जैन।  स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह दशहरा मैदान में देशभक्ति और उत्साह के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के पश्चात उन्होंने आकर्षक परेड की सलामी ली। समारोह में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और शहरवासी शामिल हुए।

कार्यक्रम में संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी और उनके परिजन शामिल हुए।समारोह में परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, परेड कमांडरों से परिचय, हर्ष फायर, राष्ट्रगान और मध्यप्रदेश गान हुआ। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों ने पीटी का प्रदर्शन किया।

शहीद परिवारों को मिला समान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश के लिए योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, कारगिल वीर शहीदों के परिजनों, लोकतंत्र सेनानियों तथा देहदान करने वाले महान व्यक्तियों के परिवारों का सम्मान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण हुआ, वहीं मुख्य अतिथि ने शुभकामना संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम के अगले चरण में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पुरस्कार वितरण आयोजित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

उज्जैन में जगह-जगह हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उज्जैन पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के सरकारी और निजी विद्यालयों, शासकीय कार्यालयों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में ध्वजारोहण कर आजादी के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग अपने वाहनों पर तिरंगा सजाकर सड़कों पर देशप्रेम का संदेश देते दिखाई दिए। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार स्वतंत्रता सेनानियों, कारगिल वीर शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों को विशेष सम्मान के साथ समारोह में आमंत्रित किया गया।

Share