| |

पेटलावद से 27वीं बोल बम कावड़ यात्रा शुरू: 11 अगस्त को महाकाल में करेंगे जलाभिषेक; जगह-जगह फूल बरसा कर स्वागत

झाबुआ | पेटलावद के अनंतखेड़ी से श्री महाकालेश्वर उज्जैन के लिए 27वीं बोल बम पैदल कावड़ यात्रा गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। ढोल-ढमाकों, हर-हर महादेव के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच बड़ी संख्या में शिव भक्त कावड़ लेकर निकले।

मार्ग में हुआ फूल बरसा से स्वागत
यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। दादू जी महाराज संस्थान, आर्यावर्त पत्रकार संघ, सांवरिया मित्र मंडल, नगर परिषद तथा कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत मंच बनाकर पुष्प वर्षा की और शिव भक्तों को शुभकामनाएं दीं।

11 अगस्त को महाकाल मंदिर में होगा जलाभिषेक
यात्रा संचालक पं. नरेंद्र नंदन दवे ने बताया कि यह पैदल कावड़ यात्रा खाखरोड़, बदनावर, मोलाना और नलवा पड़ाव से होते हुए उज्जैन पहुंचेगी। यात्रा का समापन 11 अगस्त को श्री महाकालेश्वर मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के साथ होगा।

भक्तिमय माहौल में निकले श्रद्धालु
कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे रास्ते भगवान शिव के भजन और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। नगर में सुबह से ही धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा और लोगों ने रास्तों पर खड़े होकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

Share