| |

सूने मकान को बनाया निशाना: तीन कमरों के ताले तोड़े; 5-6 लाख के जेवर और नकदी चोरी

रीवा। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 5 से 6 लाख रुपए के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई, जब घर में रहने वाली महिला रिश्तेदारी में मायके गई हुई थीं।

3 अगस्त को घर बंद कर गई थीं महिला
फूलन साकेत 3 अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर मायके चली गई थीं। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने घर के मुख्य दरवाजे और चैनल गेट का ताला टूटा देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी।

तीन कमरों के टूटे मिले ताले
परिवार के लोग घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। तीन कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी और बक्सों में रखे जेवर और नकदी गायब थे। फरियादी ने बताया कि चोरी किये गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपए है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Share