झाबुआ में विधायक बने डॉक्टर: घायल महिला को वाहन से अस्पताल पहुंचाया खुद लगाए टांके; स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठाए सवाल

झाबुआ। विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने सड़क हादसे में घायल महिला को अपने वाहन से कल्याणपुरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और स्वयं उसका उपचार शुरू किया। विधायक डॉ. भूरिया सर्जन हैं, इसलिए उन्होंने घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया और अधिक चोट लगने पर स्वयं टांके भी लगाए।
कल्याणपुरा क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई थी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मौके पर पहुंचे विधायक ने महिला की मदद की और उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान महिला के कंधे की हड्डी टूटने की आशंका सामने आई, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी।
बिजली और संसाधनों की कमी से परेशान मरीज
विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तो कई खामियां सामने आईं। उन्होंने बताया कि एक्स-रे मशीन मौजूद होने के बावजूद बिजली की समस्या के कारण उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। वोल्टेज की कमी और छोटा ट्रांसफार्मर होने से मशीन बंद पड़ी रहती है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों और संसाधनों की कमी है। मरीजों को कई बार महंगी दवाइयां बाजार से खरीदनी पड़ती हैं। फार्मासिस्ट और ड्रेसर की कमी के कारण भी मरीजों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति
विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि अचानक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर वहां की वास्तविक स्थिति सामने आई। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याणपुरा सहित पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि कागजों में अस्पताल संचालित हो रहे हैं, लेकिन जमीन पर मरीजों को प्राथमिक सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कल्याणपुरा में पोस्टमार्टम रूम नहीं होने से दुर्घटना या अन्य कारणों से मृत्यु होने पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग
विधायक डॉ. भूरिया ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं को सही करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर, स्टाफ, दवाइयों और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।