गूगल ने भारत में लॉन्च किया नया AI मोड, अब जटिल सवालों के लिए बार-बार सर्च करने की जरूरत नहीं

गूगल ने भारत में अपने नए AI मोड की शुरुआत की है, जो यूज़र्स को लंबे और जटिल सवाल पूछने की सुविधा देगा। यह मोड खासतौर पर उन प्रश्नों को बेहतर तरीके से संभालने के लिए तैयार किया गया है, जिनके जवाब पहले कई बार सर्च करने के बाद ही मिलते थे।
AI मोड को गूगल के कस्टम Gemini 2.5 मॉडल द्वारा संचालित किया गया है। इसमें ‘क्वेरी फैन-आउट’ नामक तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिसमें किसी सवाल को कई छोटे हिस्सों में बांटकर एक साथ कई संबंधित प्रश्नों की खोज की जाती है।
गूगल की वाइस प्रेसिडेंट (प्रोडक्ट मैनेजमेंट, सर्च), हेमा बुदराजू ने बताया, “इस नए फीचर के जरिए यूज़र्स न सिर्फ उच्च गुणवत्ता वाली वेब सामग्री तक पहुंच सकते हैं, बल्कि रियल टाइम में अपडेट होने वाले नॉलेज ग्राफ, दुनिया की ताज़ा जानकारी और अरबों उत्पादों से जुड़ा शॉपिंग डेटा भी हासिल कर सकते हैं।”
AI मोड को गूगल सर्च में एकीकृत किया गया है और भारत में यूज़र्स इसे “Labs” के ज़रिए एक्सेस कर सकते हैं। गूगल ने यह भी स्पष्ट किया कि यह फीचर अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए हर बार जवाब पूरी तरह सटीक न हो, ऐसी संभावना हो सकती है। ऐसे मामलों में पारंपरिक वेब सर्च रिज़ल्ट्स भी दिखाए जाएंगे।
AI मोड मल्टीमॉडल भी है, यानी यूज़र्स इसमें टेक्स्ट, वॉयस या इमेज (लेंस के ज़रिए) से सवाल पूछ सकते हैं। गूगल के अनुसार, यह उनका अब तक का सबसे ताकतवर AI सर्च है, जिसमें बेहतर रीजनिंग, फॉलो-अप सवालों की सुविधा और इंटरनेट से जुड़ी गहराई से जानकारी शामिल है।






