अलीराजपुर में स्कूल से बाजार तक नशे के खिलाफ मुहिम: पुलिस ने छात्रों को बताया नशे के नुकसान; लोगों को भी किया जागरूक

अलीराजपुर। जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन में अभियान के दसवें दिन स्कूलों, बस स्टैंड और हाट-बाजारों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड पर यात्रियों को नशे के नुकसान बताए और नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की। नानपुर थाना पुलिस ने ग्राम तीती के स्कूल में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया। कठ्ठीवाड़ा थाना ने काबरी सेल के सरकारी स्कूल में बच्चों को नशीले पदार्थों के नुकसान के बारे में बताया।
नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी
चंद्रशेखर आज़ाद नगर थाना पुलिस ने कालुवाट हाई स्कूल में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। वहीं उदयगढ़ थाना पुलिस ने हाट-बाजार में नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को नशे से बचने का संदेश दिया।
स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए किया प्रेरित
बखतगढ़ और सोण्डवा थाना पुलिस ने भी स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों की लोगों से अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे खुद भी नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। जिला पुलिस ने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जिले के स्कूलों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जारी रहेगा।