| |

राजगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांग भुट्टा विक्रेता का बढ़ाया हौसला, गाड़ी रोककर की मुलाकात

धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को आज़ाद नगर (अलीराजपुर) जाते समय धार जिले के राजगढ़ में एक ऐसा मानवीय उदाहरण पेश किया, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री ने एक दिव्यांग भुट्टा विक्रेता की आवाज़ सुनते ही अपना काफिला रुकवा दिया और स्वयं उससे मिलने पहुंचे।

दिव्यांग भुट्टा विक्रेता हिम्मत चौहान ने मुख्यमंत्री को आवाज़ लगाई, जिस पर डॉ. मोहन यादव तुरंत वाहन से उतरकर उनके पास पहुंचे। उन्होंने हिम्मत चौहान के हाथ से भुट्टा लिया, उनकी पीठ थपथपाकर उनका उत्साह बढ़ाया और सम्मान स्वरूप 500 रुपये का नोट भी भेंट किया। बातचीत के दौरान हिम्मत चौहान ने बताया कि वे एमएसडब्ल्यू (MSW) शिक्षित हैं, लेकिन नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने स्वावलंबन का रास्ता चुना। वर्तमान में वे भुट्टा, चाय और पकोड़े की दुकान संचालित कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने हिम्मत चौहान के आत्मसम्मान, संघर्ष और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सीएम का यह सहज, संवेदनशील और मानवीय व्यवहार स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों ने उनके इस आत्मीय अंदाज़ की सराहना करते हुए इसे आमजन से जुड़ाव का उदाहरण बताया।

 

Share