मध्यप्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 30 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश; नैनपुर में नाले में बहे दो युवक
करीब तीन सप्ताह की सुस्ती के बाद मध्य प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे के दौरान भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर सहित 30 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 4.1 इंच वर्षा राजगढ़ में रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो रायसेन में 2.5 इंच, उमरिया में 2 इंच, नरसिंहपुर और सागर में 1.5-1.5 इंच, टीकमगढ़ में 1.1 इंच और मंडला में 1 इंच पानी गिरा। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सीहोर, खंडवा, नर्मदापुरम, विदिशा, शाजापुर, सतना, रीवा, सीधी, छतरपुर, दमोह, दतिया, बालाघाट, शिवपुरी, बैतूल, छिंदवाड़ा, गुना, उज्जैन, आगर-मालवा और देवास समेत कई जिलों में हल्की से तेज बारिश देखने को मिली।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय स्थिति में है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। प्रदेश के कई इलाकों में 90 से 100 प्रतिशत तक आर्द्रता, घने बादल और तापमान में गिरावट इसी का संकेत है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों के दौरान भोपाल, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, विंध्य और महाकोशल क्षेत्र के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं मंडला जिले के नैनपुर में तेज बारिश के चलते एक नाला उफान पर आ गया। पुलिया पार करते समय बाइक सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक बाइक सहित बह गया। बाद में वह घटनास्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर सुरक्षित मिला। बताया जा रहा है कि पुलिया पर निर्माण कार्य चल रहा था और अचानक जलस्तर बढ़ने से यह हादसा हुआ।