जीतू पटवारी के भाई नाना पुलिस हिरासत में; ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस ने शुरू की पूछताछ

इंदौर में आज पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाना पटवारी को सनसाईन फॉर्म हाउस से पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं जीतू के भाई को हिरासत में लेने के मामले में कांग्रेस नेता विवेक तंखा ने एक्स पर लिखा है कि जीतू पटवारी से सूचना मिली है कि अचानक इंदौर पुलिस ने, बिना किसी ऑफेंस की सूचना दिए, उनके छोटे भाई को अरेस्ट कर ले गई है। इसकी सूचना पटवारी परिवार को नहीं दी गई है। सीपी इंदौर और डीजीपी से आग्रह है, की ऐसी परिपाटी मत बनाए जो भविष्य में तकलीफ़ दायक बने।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पटवारी को ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई बुधवार देर रात दो कथित ड्रग्स पैडलरों की गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ के आधार पर की। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आया हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि आरोपितों ने नाना पटवारी से संबंध होने की बात कही है। वहीं पूछताछ के दौरान नाना ने भी आरोपितों को जानने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि उनका संबंध केवल परिचय तक सीमित था या ड्रग्स नेटवर्क से कोई अन्य कड़ी भी जुड़ी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, नाना पटवारी का नाम इससे पहले भी एक ड्रग्स प्रकरण में सामने आ चुका है। इसी वजह से पुलिस इस मामले की कड़ियों को पुराने मामलों से भी जोड़कर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। सात साल पुराने खुशी कुलवाल आत्महत्या कांड में भी नाना का नाम सामने आया था।
पुलिस से कहा मेरा भाई नहीं मिल रहा है
अधिवक्ता जय हार्डिया ने पुलिस को एक आवेदन दिया है। यह आवेदन भरत पटवारी के नाम से है। हार्डिया ने कहा कि नाना अभी कहां है हमे नहीं पता है। लेकिन एक आवेदन दिया है। सुबह दस बजे से नाना का मोबाइल बंद आ रहा है। हमने पुलिस से कहा है कि वह कहां है हमे नहीं पता और यदि आपने गिरफ्तार किया है तो हमे बताएं और उनसे मिलवा दो। हार्डिया ने कहा कि नाना की गाड़ी सनशाइन फार्म हाउस पर मिली है। पुलिस ने कहा कि हम जांच करके बताएंगे। हार्डिया ने कहा कि नाना की गिरफ्तारी / हिरासत पर अभी स्थिति साफ नहीं है।
10 केस दर्ज है नाना पर
गौरतलब है कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। उन पर अभी तक नौ केस थे, लेकिन तेजाजी नगर के हाल के जमीन धोखाधड़ी को जोड़कर 10 केस हो गए हैं। नवंबर 2018 में एक केस उन पर महिला संबंधी अपराध में धारा 354 (क) में भी हुआ है। महिला ने नाना पर आरोप लगाए हैं कि नाना के साथ क्रुणाल पटवारी, चेतन, सुदील चौधरी, चेतन पटवारी, गब्बू पटवारी व अन्य 40-50 कार, बाइक से मेरे घर के अंदर घुस आए। नाना के हाथ में पिस्टल थी, बाकी के हाथ में चाकू और तलवार थी। नाना पटवारी ने मेरा हाथ बुरी नीयत से पकड़ा था। इनके साथ ही नाना पर 2018 विधानसभा चुनाव में पोलिंग वाले दिन यूवा मोर्चा के पूर्व नगर उपाध्यक्ष अंकित परमार के घर पर हमला करने के आरोप भी लगे थे।