इंदौर में जुलाई की झमाझम बारिश जारी, 6 दिन में 12 इंच से ज्यादा वर्षा; अगस्त में राहत, सितंबर में फिर तेज बारिश के संकेत
इंदौर में इस बार जुलाई के पहले हफ्ते में हर दिन बारिश का दौर जारी है। इन छह दिनों में दो दिन कम बारिश वाले रहे, जबकि सोमवार शाम करीब 20 मिनट बारिश हुई और आधा इंच रिकॉर्ड की गई। इसके सहित इस सीजन में अब तक 311.3 मिमी (12 इंच से ज्यादा) बारिश हो चुकी है। मंगलवार सुबह से बादल छाए थे। दोपहर बाद हल्की बारिश शुरू हो गई।
सोमवार को दिनभर बारिश नहीं हुई थी। इस कारण तापमान 3 डिग्री बढ़कर 33.8 (+2) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। फिर शाम को हुई बारिश जल्द थम गई। इसके बाद रात का तापमान भी 2 डिग्री बढ़कर 24.2 (+1) डिग्री सेल्सियस रहा। इस कारण दिन और रात को उमस ने काफी परेशान किया।
अगस्त के बाद सितंबर में फिर दिखेगा मानसून
उधर इंदौर और मालवा क्षेत्र में इस वर्ष मानसून को लेकर पारंपरिक पंचांगों और ज्योतिषीय गणनाओं ने रोचक संकेत दिए हैं। उज्जैनी, आनंद, नारायण विजय, महावीर और काशी पंचांगों के अनुसार मानसून की शुरुआत अच्छी रहने के बाद अगस्त में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। वहीं सितंबर के मध्य में एक बार फिर तेज बारिश और जलभराव जैसी स्थिति बनने के योग बताए गए हैं। हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में सामान्य मानसून का अनुमान व्यक्त किया है।
जुलाई तक अच्छी बारिश के आसार
आकलन के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह से जुलाई के मध्य तक मालवा क्षेत्र में अच्छी वर्षा के संकेत हैं। यह अवधि खरीफ फसलों की बुवाई और शुरुआती कृषि कार्यों के लिए अनुकूल मानी जा रही है। 15 जुलाई तक पर्याप्त बारिश होने से किसानों को लाभ मिलने की संभावना जताई गई है।