इंदौर में हल्की बारिश से मौसम सुहाना, मुंबई के खराब मौसम के चलते 2 फ्लाइट डायवर्ट
इंदौर में रविवार को दिन में धूप निकली और कुछ समय के लिए बादल भी छाए। सुबह के समय इंदौर शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। वहीं विजयनगर, रीगल, पलासिया क्षेत्र में रात आठ बजे बाद कुछ समय के लिए बारिश हुई। दिन में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था।
इंदौर में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। रविवार रात 8.30 बजे तक रीगल क्षेत्र में 7.5 मिमी बारिश दर्ज हुई। वही एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर 1.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। वही मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मुंबई की दो उड़ानें डायवर्ट, मौसम खराब होने से इंदौर भेजी
मुंबई में तेज बारिश और हवाओं का असर विमान सेवाओं पर दिखाई दिया। सुबह खराब मौसम के कारण मुंबई जा रही दो उड़ानों को इंदौर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद मौसम साफ होने का सिग्नल मिलने पर विमान मुंबई के लिए रवाना हुए। इस दौरान यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा। यात्रियों को खराब मौसम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुंबई में रविवार सुबह खराब मौसम के कारण दो विमानों को इंदौर डायवर्ट करना पड़ा। इंडिगो की कोच्चि से मुंबई जा रही उड़ान इंदौर डायवर्ट की गई। यह विमान सुबह 11.08 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरा। विमान में 137 यात्री सवार थे, जो मौसम साफ होने तक विमान में ही बैठे रहे।
इसके साथ ही एयर इंडिया की दिल्ली से मुंबई जा रही उड़ान भी डायवर्ट होकर इंदौर पहुंची। इस विमान ने इंदौर एयरपोर्ट पर सुबह 11.10 बजे लैंडिंग की। विमान में 106 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट के पीआरओ रामस्वरूप यादव का कहना है कि मुंबई जाने वाले दो विमान की इंदौर एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। मुंबई में मौसम साफ होने के बाद विमानों को रवाना किया गया।