| |

राम मंदिर दान चोरी मामले पर पहली बार RSS का बयान, दत्तात्रेय होसबाले बोले- व्यवस्था की कमियां तत्काल दूर हों

अयोध्या मंदिर में करोड़ों की दान चोरी के प्रकरण पर पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने चुप्पी तोड़ी है। आरएसएस ने घटना को घोर निंदनीय बताते हुए गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने के लिए कदम उठाए जाने की अपेक्षा की है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने जारी बयान में कहा, ‘श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला के मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पुरे समाज और राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को पहुंचा है और इस घटना से हम सभी आहत हैं।

इस पूरी घटना की कड़ी निंदा की

संघ में शीर्ष क्रम में नंबर दो के पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने के लिए परिणामकारक कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा अखंड बनी रहे।

दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन के लिए निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को बनाए रखेगा।

 

Share