भोपाल समेत 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में जलभराव और बिजली संकट

मध्य प्रदेश में रविवार को भोपाल समेत 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में 30 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश हुई। शिवपुरी में ढाई इंच, छिंदवाड़ा में करीब डेढ़ इंच और भोपाल में सवा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। आंधी-बारिश के कारण 100 से ज्यादा इलाकों में बिजली गुल हो गई। शिवनगर समेत कई क्षेत्रों में जलभराव भी हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, उज्जैन में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई। इसके अलावा दतिया, ग्वालियर, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रायसेन, राजगढ़, दमोह, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, छतरपुर, सागर, शाजापुर, सीहोर, देवास, सिवनी, बालाघाट, मंदसौर, विदिशा, झाबुआ, हरदा, पांढुर्णा, धार और रतलाम में भी बारिश दर्ज की गई।

खजुराओ सबसे गरम रहा

प्रदेश में कहीं बारिश हो रही है तो कहीं सूखे जैसे हालात हैं। इसका असर न्यूनतम तापमान पर भी दिख रहा है। शनिवार-रविवार की रात खजुराहो में सबसे ज्यादा 29.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद नौगांव में 27.6, सतना में 27.5, उमरिया में 27.2, सीधी में 27 और ग्वालियर-नर्मदापुरम में 26 डिग्री रहा।

वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा में 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद दमोह में 21.4, पचमढ़ी में 21.6, खरगोन में 21.8, धार में 22.6, इंदौर में 22.8, भोपाल में 23.2, शिवपुरी-रतलाम में 23.6, बैतूल-सागर में 23.7 और छिंदवाड़ा में 23.4 डिग्री रहा।

भोपाल में शनिवार रात को गरज-चमक के साथ हुई बारिश

भोपाल में शनिवार रात को गरज चमक के साथ बारिश हुई। कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इधर मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने शिवपुरी में भारी तबाही मचाई। तेज हवा से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। एक ढाबा और मकान ढह गया। कार, बाइक और पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचा।

रतलाम में बारिश से सड़कें और अंडरब्रिज जलमग्न हो गए। झाबुआ में भी कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। विदिशा में भी तेज गर्मी के बाद शाम होते ही गरज-चमक के साथ बारिश हुई। लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Share