विश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में बायोप्लास्टिक क्रांति की शुरुआत, राजनाथ सिंह और योगी करेंगे ‘बायोयुग ग्रीन कमांड-2026’ का शुभारंभ
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरित औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत होने जा रही है। 5 जून को लखनऊ छावनी स्थित दिलकुशा लॉन में आयोजित “बायोयुग ग्रीन कमांड-2026” कार्यक्रम के माध्यम से पारंपरिक प्लास्टिक के विकल्प के रूप में बायोप्लास्टिक को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल) और लखनऊ कैंटोनमेंट बोर्ड के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार पहले से ही राज्य को देश का प्रमुख एथेनॉल हब बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी कड़ी में गन्ना आधारित उद्योगों से विकसित हो रहे नवाचारों को पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबल डेवलपमेंट से जोड़ने की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है। बायोप्लास्टिक के उपयोग को बढ़ावा देकर प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और हरित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में नीति निर्माताओं, उद्योग जगत, रक्षा क्षेत्र, अनुसंधान संस्थानों और पर्यावरण विशेषज्ञों की भागीदारी होगी। इस दौरान बायोप्लास्टिक उद्योग की संभावनाओं, निवेश अवसरों, उत्पादन क्षमता और बाजार विस्तार पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम की पहली प्रमुख पैनल चर्चा “मैंडेट टू मार्केट : अनलॉकिंग द बायोप्लास्टिक्स वैल्यू चेन इन उत्तर प्रदेश” विषय पर होगी। इसमें राज्य में बायोप्लास्टिक उद्योग के विकास, निवेश आकर्षण और सरकारी सहयोग पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
दूसरी पैनल चर्चा “फ्रॉम मेस टू मिशन : बायोप्लास्टिक्स फॉर डिफेंस” विषय पर केंद्रित होगी। इसमें रक्षा क्षेत्र में बायोप्लास्टिक के उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरणीय लाभों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल उत्तर प्रदेश के हरित विकास मॉडल को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन और औद्योगिक नवाचार को भी नई गति प्रदान करेगी।
