पीएम मोदी कल देंगे 12,421 करोड़ की हाईवे परियोजनाओं की सौगात, दक्षिण गुजरात की कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
गांधीनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 जून को गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दक्षिण गुजरात को 12,421 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के तहत 7,689 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो महत्वपूर्ण खंडों का लोकार्पण और 4,732 करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
राज्य सूचना विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री कीम-एना (36 किलोमीटर) और गणदेवा-एना (27.5 किलोमीटर) एक्सप्रेसवे खंडों का उद्घाटन करेंगे। इन अत्याधुनिक आठ लेन मार्गों के शुरू होने से दक्षिण गुजरात की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही माल परिवहन में तेजी आएगी और उद्योगों की लॉजिस्टिक लागत में कमी होगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के धमासिया-बिटाड़ा और नसारपोर-मलोथा खंडों को चार लेन बनाने की परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से नर्मदा, तापी, वलसाड और छोटा उदेपुर जैसे जनजातीय जिलों सहित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र तक आवागमन अधिक सुगम होगा।
करीब 107 किलोमीटर लंबी इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यात्रा समय में लगभग 40 मिनट तक की कमी आने का अनुमान है, जिससे यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा हजीरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लगभग 149 करोड़ रुपये की लागत से छह लेन फ्लाईओवर और वाहन अंडरपास निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस परियोजना से हजीरा बंदरगाह और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही सुगम होगी तथा ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से दक्षिण गुजरात में सड़क संपर्क और परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही व्यापार, उद्योग, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री का यह दौरा गुजरात में बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा देने और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
