|

दिल्ली में ज्वेलरी शॉप में 10 लाख की चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के कोटला मुबारकपुर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप में हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन शातिर आरोपितों समेत चोरी का माल खरीदने वाले तीन रिसीवरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सोना, चांदी, नकदी, हीरे और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है।

दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 10 मई को पंजाबी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी की सूचना मिली थी। दुकान मालिक शगुन वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 और 10 मई की रात अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताले तोड़कर अंदर घुस गए और सोने-चांदी के आभूषण, हीरे तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर कोटला मुबारकपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहन से जुड़े अहम सुराग मिले। साथ ही तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी दिल्ली छोड़कर पश्चिम बंगाल भागने की तैयारी में थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने 18 मई को त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 37 वर्षीय मसकूर, 36 वर्षीय बहारुल शेख और 32 वर्षीय आनंद मंडल उर्फ नागेश्वर के रूप में हुई है। तीनों शास्त्री पार्क इलाके के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस पूछताछ और रिमांड के दौरान चोरी का माल खरीदने वाले जहांगीर, गुलफाम और मुमतियाज को भी गिरफ्तार किया गया।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से चोरी और सेंधमारी की वारदातों में शामिल रहे हैं। मुख्य आरोपी मसकूर के खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बहारुल शेख पर हत्या, चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं आनंद मंडल पर भी चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय ज्वेलरी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रेकी करते थे। इसके बाद कमजोर सुरक्षा वाली दुकानों को निशाना बनाकर ताले और शटर तोड़ते थे। चोरी के बाद सोने-चांदी के गहनों को पिघलाकर उनकी पहचान मिटा दी जाती थी और फिर रिसीवरों के जरिए बाजार में बेच दिया जाता था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 36.47 ग्राम पिघला हुआ सोना (करीब 5.11 लाख रुपये), 658 ग्राम पिघली हुई चांदी (करीब 1.63 लाख रुपये), चांदी के बर्तन, अंगूठियां, बिछुए, 23 हीरे और जिरकॉन स्टोन, 1.30 लाख रुपये नकद तथा बैंक खाते में जमा 1.35 लाख रुपये फ्रीज किए हैं। इसके अलावा नकली ज्वेलरी के कई सेट और एक खिलौना पिस्तौल भी बरामद की गई है।

Share

Similar Posts