इंदौर जनसुनवाई में 278 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

इंदौर में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Shivam Verma ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसुनवाई में कुल 278 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें आर्थिक सहायता, राजस्व विवाद, पुलिस सहायता और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़े आवेदन शामिल रहे। प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य संबंधी तत्काल सहायता वाले मामलों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही समाधान किया गया।

कलेक्टर ने कहा कि जिन मामलों में रिपोर्ट या विभागीय प्रतिवेदन की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को मार्क कर दिया गया है और उनके समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो सके।

Share

Similar Posts